Showing posts with label ग्रेग चैपल. Show all posts
Showing posts with label ग्रेग चैपल. Show all posts

Sunday, January 25, 2009

भारतीय क्रिकेट का पीछा नहीं छोड़ रहा है चैपल का जिन्‍न

भारत मल्‍होत्रा 

ग्रेग चैपल को भारतीय क्रिकेट टीम का कोच पद छोड़े करीब दो साल का वक्‍त गुजर गया, लेकिन ऐसा लगता है कि उनका साया अभी भी भारतीय टीम का पीछा नही छोड़ रहा है। पहले वीरेंद्र सहवाग ने उनकी आलोचना की, फिर पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने कह दिया कि भारत 2007 का वर्ल्‍ड कप चैपल की वजह से ही हारा। इन सब से झल्‍लाए चैपल ने भी कह दिया कि उन्‍हें भारतीय क्रिकेट में कोई दिलचस्‍पी नहीं है। सवाल है कि अब, जब चैपल टीम इंडिया से किसी भी तरह से जुड़े नहीं हैं, तो फिर उनको लेकर इतनी हाय-तोबा क्‍यों?


‘ग्रेग चैपल की वजह से हम 2007 का विश्व कप हारे।’ यह बयान है पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज व आईसीसी के रेफरी जवागल श्रीनाथ का। श्रीनाथ का कहना है कि सहवाग इस समय भारतीय कोच गैरी कर्स्‍टन के कार्यकाल में ज्‍यादा अच्‍छी बल्‍लेबाजी कर रहे हैं। वे उससे बिल्‍कुल अलग लग रहे हैं जैसा कि वे 2007 के विश्व कप के समय लग रहे थे। श्रीनाथ के मुताबिक 2007 के वर्ल्‍ड कप में हार की यही वजह रही। श्रीनाथ ने यह भी कहा कि चैपल ने भारतीय टीम में दरार डालने का काम किया और सहवाग और गौतम गंभीर की बल्‍लेबाजी शैली में भी बदलाव करने की बात की। 

हाल के कुछ दिनों में चैपल के बारे में नकारात्‍मक प्रतिक्रिया देने वाले श्रीनाथ अकेले नहीं है। अभी कुछ दिन पहले वीरेंद्र सहवाग ने भी चैपल की कार्यशैली पर उंगली उठाते हुए कहा था कि वे खिलाडि़यों पर चीजें थोपने की कोशिश करते थे और आपस की बात को ‘लीक’ कर खिलाडि़यों के भरोसे को तोड़ने का काम करते थे। इसके साथ ही नजफगढ़ के नवाब ने तो चैपल पर यहां तक आरोप लगाया कि गुरु ग्रेग उनकी बल्‍लेबाजी शैली में बदलाव लाने की कोशिश की थी। 

हालांकि, इस सब को सुन चैपल भी कहां चुप रहने वाले थे। उन्‍होंने भी तुरंत एलान कर दिया कि उन्‍हें भारत और भारतीय क्रिकेट में कोई दिलचस्‍पी नहीं है। वे राजस्‍थान क्रिकेट अकादमी के साथ भी नहीं जुड़े रहना चाहते हैं। उन्‍होंने अपनी सफाई में कहा, आप किरण मोरे से पूछ सकते हैं कि मैंने उन्हें क्या सूचना दी थी।’

‘क्रिकगुरु ऑनलाइन’ ने जब इस बाबत चयनसमिति के पूर्व अध्‍यक्ष किरण मोरे से बात की तो पहले उन्‍होंने यह कहकर बात खत्‍म करने की कोशिश करनी चाही, ‘पुरानी बातों को फिर से करने का क्‍या फायदा?’ लेकिन, इसके बाद उन्‍होंने कहा, ‘चैपल चयन समिति को अपनी रिपोर्ट भेजते थे और इसकी कॉपी बीसीसीआई को भी जाती थी। लेकिन खबरों को लीक करने जैसी कोई बात इसमें नहीं थी। मुझे लगता है इसमें बीसीसीआई एडमिनिस्‍ट्रेशन की गलती थी।’

हो सकता है सहवाग भी सही हों, चैपल की भी गलती नहीं हो। लेकिन, मोरे यहां एक अहम सवाल उठाते हैं, और वो यह कि गड़े मुर्दों को फिर से उखाड़ने का क्‍या मतलब है ? ग्रेग चैपल को भारत का कोच पद छोड़े करीब दो साल का समय होने को आया, लेकिन उनका साया अभी भी भारतीय क्रिकेट से चिपका हुआ है। 

चेपल के जाने के बाद भारतीय क्रिकेट में बहुत कुछ बदल चुका है। कप्‍तान बदल चुके हैं, कई नए चेहरे टीम में आ गए हैं। टीम इंडिया इन दिनों लगातार अच्‍छा खेल रही है और उसे आने वाले वक्‍त में नम्‍बर एक  की कुर्सी का दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में, पिछली बातों को छेड़कर व्‍यर्थ के विवाद में पड़ने की कोई जरुरत नजर नहीं आती। 

सबसे बड़ी बात यह है कि अगर लोगों को चैपल से परेशानी थी, तो उस समय क्‍यों चुप रहे। अगर कोई समस्‍या थी तो उसी समय आवाज उठानी चाहिए थी। बोलने की जरूरत तो सही मायनों में उसी समय थी क्‍योंकि कोच और खिलाडि़यों के बीच तालमेल बिगड़ जाने की वजह से भारतीय क्रिकेट का नुकसान हो रहा था। अब सांप निकलने के बाद लकीर पीटने का कोई फायदा नहीं है। 

चाहे सहवाग हों या श्रीनाथ या कोई अन्‍य खिलाडी, चैपल के बारे उनके द्वारा कही जा रही बातों से कम से कम अब कोई फायदा नहीं है। सबसे अहम बात यह है कि टीम इस समय गैरी कर्स्‍टन और महेंद्र सिह धोनी के नेतृत्‍व में बेहतरीन खेल रही है। और अगर टीम इंडिया को नम्‍बर वन की कुर्सी तक पहुंचना है तो कटु अतीत को भूलकर शानदार वर्तमान और सुनहले भविष्‍य की ओर नजर  करनी पड़ेगी। 

इसमें कोई शक नहीं कि ग्रेग चैपल का भारतीय क्रिकेट टीम के कोच के रूप में कार्यकाल ज्‍यादातर विवादों से ही घिरा रहा और टीम में बिखराव की स्थिति भी आ गई, निजी रूप से भी कुछ खिलाडि़यों को नुकसान हुआ, लेकिन वह सब गुजरे वक्‍त की बात है। इसलिए, अच्‍छा है कि खुद खिलाड़ी और टीम इंडिया के शुभचिंतक पिछली बुरी बातों को फिर से चर्चा में लाकर टीम की एकाग्रता भंग न करें।

Thursday, September 4, 2008

विदेशी कोचों ने निभाई है सकारात्‍मक भूमिका

विदेशी कोच अब एशियाई टीमों का एक अहम हिस्‍सा सा बन गए है। इस समय सभी एशियाई देशों को विदेशी कोच ही कोचिंग दे राहे हैं। उनके आने के सा‍थ विवाद भले ही जुड़े हों, मगर टीमों को उनके आने से फायदा तो हुआ ही है।

साल 2003 का विश्‍व कप। भारतीय टीम 20 साल बाद विश्‍व कप के फाइनल में पहुंची थी। ऐसा नहीं था कि टीम संयोगवश ही फाइनल में पहुंची हो। टीम को इस मौके के लिए तैयार करने की तैयारी काफी समय से चल रही थी। यह वह दौर था जब भारतीय टीम सचिन के साये से निकलकर सही मायनों टीम इंडिया बन रही थी। टीम इ‍ंडिया जिसमें जीत का जज्‍बा था, टीम इंडिया जो मैदान पर अपने आखिरी दम तक लड़ने के लिए तैयार थी। उस समय मैन इन ब्‍लू को बनाने की जिम्‍मेदारी दो इंसानों के हाथ में थी। सौरव गांगुली और टीम इंडिया के पहले विदेशी कोच जॉन राइट। न्‍यूजीलैंड के इस बल्‍लेबाज ने सौरव गांगुली के साथ मिलकर भारतीय टीम मे आखिरी दम तक जीत के लिए जी-जान लगाने का जज्‍बा भरा वो उससे पहले भारतीय टीम में कभी नहीं देखा गया। विश्‍व कप के शुरुआती दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के कारण काफी आलोचनाएं हुई थी। मगर, यह जीत की भूख का ही न‍तीजा था कि टीम ने उसके बाद लगातार जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक सफर तय किया।
उस दौर में भारत में नए खिलाड़ी अपनी जगह बनाने के साथ साथ जिम्‍मेदारी भी समझ रहे थे। इसके लिए कोच की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आखिर खिलाडियों को तराशना और उनमें विश्‍वास भरना कोच के काम का एक अहम हिस्‍सा है। एशियाई महाद्वीप में विदेशी कोचों की बात को थोड़ा और पीछे ले जाया जाए तो साल 1996 में श्रीलंका सभी संभावनाओं को झुठलाते हुए विश्‍व कप चैंपियन बनी थी। टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका ने अंचभे करने तो शुरु किया था मगर उसके विश्‍व विजेता बनने पर कोई भी पैसा लगाने को तैयार नहीं था। मगर सनथ जयसूर्या से पारी की शुरूआत कराने का फैसला वनडे की दिशा और दशा बदलने वाला साबित हुआ। जयसूर्या ने शुरूआती 15 ओवर में तेजी से रन बनाने का जो सिलसिला शुरु किया वो आने वाले दिनों में वनडे की पहचान बन गया। इसके बाद साल 2007 में श्रीलंका विश्‍व कप के फाइनल तक पहुंची थी, और इस बार भी टीम की कोचिंग की जिम्‍मेदारी पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉम मूडी के हाथ में थी।

इन दोनो घटनाओं में एक बात समान थी वह थी विदेशी कोच का होना। अर्जुन राणातुंगा ने जब लाहौर के गद्दाफी स्‍टेडियम में विश्‍व कप थामा तो उस समय टीम के कोच के रूप में डेव व्‍हॉटमोर मौजूद थे। व्‍हॉटमोर ने श्रीलंकाई टीम के साथ जो तजुर्बे किए उसने न सिर्फ श्रीलंका को विश्‍व विजेता ही बनाया बल्कि एक बेहतर टीम बनने में भी मदद की।

इस लिहाज से अगर देखा जाए तो भारतीय उपमहाद्वीप की सभी टीमों की कमान अब पिछले काफी समय से विदेशी कोचों के हाथ में है। इन कोचों की मौजूदगी में एशियाई टीमों को काफी फायदा भी हुआ है। भारत की कमान दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी गैरी कर्स्‍टन के हाथ में है तो पाकिस्‍तान के कोच का पद जैफ लॉसन के पास है। श्रीलंका और बांग्‍लादेश की नजर में भी विदेशी कोच ही टीम को बेहतर रूप देने में ज्‍यादा कारगर स‍ाबित हो सकते हैं। अगर व्‍हॉटमोर को देखा जाए तो उन्‍होने न सिर्फ श्रीलंकाई टीम के खेल के स्‍तर को ऊंचा उठाया वहीं उसके बाद बांग्‍लादेश टीम को भी पहले से बेहतर टीम बनाया। आजकल व्‍हॉटमोर भारत में रहकर एनसीए के साथ काम कर रहे हैं और उन्‍हीं की श‍ार्गिदगी में जूनियर टीम इंडिया विश्‍व कप विजेता बनकर आई।

ग्रेग चैपल का भारतीय टीम के साथ गुजारा वक्‍त भले ही काफी विवादों के बीच घिरा रहा हो, मगर टीम इंडिया को कई नए सितारे दिए। जिस टीम ने टी-20 विश्‍व कप जीता उसमें ज्‍यादातर खिलाड़ी ग्रेग चैपल के समय में ही भारतीय टीम के साथ जुड़े। चैपल ने आते ही भविष्‍य की टीम बनाने पर नजर रखी और नए चेहरों को टीम में मौका देना शुरू किया। सुरेश रैना उनमें से एक नाम है जो चैपल के वक्‍त में टीम इंडिया का हिस्‍सा बने। दरअसल, चैपल शुरू से नए खिल‍ाडियों और नए‍ सितारों को टीम में मौका देने के पक्षधर रहे। उन्‍हीं के कोच रहते भारत ने रनो का पीछा करते हुए लगातार 17 वनडे जीतने का रिकॉर्ड बनाया। ग्रेग चैपल भारतीय टीम के साथ भले ही न हों मगर भारत के साथ अभी भी जुड़े हुए हैं। चैपल फिलहाल राजस्‍थान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ जुड़े हुए हैं।

पहला आईपीएल टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के खिलाडियों को ढूढने का जिम्‍मा भी चैपल ने ही तो संभाला था। वैसे, आईपीएल की भी अगर बात की जाए तो वहां भाग ले रही सभी टीमों में विदेशी खिलाड़ी या तो कोच के तौर पर काम कर रहे थे या‍ फिर वे बतौर सलाहकार टीमों के साथ जुडें थे। फिर चाहे वो ऊपरी दो पायदानों पर रही राजस्‍थान रॉयल्‍स और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स रही हो या फिर सबसे नीचे रही बंगलौर रॉयल चैंलेजर्स और डेक्‍कन चार्जर्स। हर जगह विदेशी कोचों ही नजर आए। यह बात साफ करती है कि क्रिकेट के इस नए प्रारूप जिसकी शुरुआत भारत में भारतीयों द्वारा की गई में भी विदेशी कोचों का ही बोलबाला रहा है।

यह विदेशी कोच खेल में बेहतर प्रोफेशनल रवैये के साथ आते हैं जहां खिलाड़ी के नाम की बजाए उनके प्रदर्शन को ज्‍यादा तरजीह दी जाती है। यहां नाम से ज्‍यादा काम की कीमत समझी जाती है। वे नई सोच के साथ आते हैं और उस सोच को पूरा करने के लिए उनके पास पूरी रणनीति भी होती है। ज्‍यादातर मामलों में टीम को उससे फायदा ही हुआ है।