Showing posts with label सौरव गांगुली. Show all posts
Showing posts with label सौरव गांगुली. Show all posts

Monday, September 8, 2008

ईरानी ट्रॉफी पर है सबकी निगाहें

ईरानी ट्रॉफी के मुकाबले से ही टेस्‍ट टीम चुने जाने की पूरी संभावना है। चैंपियंस ट्रॉफी न होने की सूरत में ईरानी ट्रॉफी पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

ऑस्‍ट्रेलिया से टेस्‍ट सीरीज का आगाज 9 अक्‍टूबर से होगा। लेकिन, इससे पहले ही 24 सितंबर से वड़ोदरा मे शुरू हो रही ईरानी ट्रॉफी का सबको बेसब्री से इंतजार रहेगा। भारतीय क्रिकेट का हर स्‍टार यहां शिरकत करेगा। लेकिन, भारतीय क्रिकेट के चयनकर्ताओं से लेकर जानकारों और क्रिकेट को चाहने वालों सबकी निगाह इस बात पर होगी कि कौन कि पोंटिंग की वर्ल्‍ड चैंपियन टीम के खिलाफ टेस्‍ट टीम में जगह बना सकता है। इसलिये इस बार ईरानी ट्रॉफी अचानक सुर्खियों में है।

ऑस्‍ट्रेलिया से खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय खिलाडियों के पास खुद को परखने का अकेला मौका है। हाल ही श्रीलंका के खिलाफ खेली गई टेस्‍ट सीरीज में भारत का गोल्‍डन मिडिल ऑर्डर रन बनाने में नाकामयाब रहा था। इस मैच के जरिए बल्‍लेबाजों के पास ऑस्‍ट्रेलियाई टेस्‍ट सीरीज से पहले खुद को टटोलने और अपनी खोई लय पाने का भी यह आखिरी अवसर कहा जा सकता है। ऑस्‍ट्रेलिया के लिए भारत हमेशा से ही एक मुश्किल टीम रही है। पिछली बार पोंटिंग की टीम भारत को 35 साल बाद सीरीज हरा पाने में सफल रही थी। इस बार भारत की पूरी कोशिश होगी कि वह बार सीरीज जरूर जीते वहीं दूसरी ओर ऑस्‍ट्रेलिया पिछली बार के प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगा। ऐसे में चयनकर्ता ईरानी ट्रॉफी के जरिए एक ऐसी मजबूत टीम चुनना चाहेंगे जो ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ टीम को सीरीज में जीत दिला सकें।
ईरानी ट्रॉफी के मुकाबले से ही टेस्‍ट टीम चुने जाने की पूरी संभावना है। पूरी टीम पर नजर दौड़ाने के बाद टीम में ओपनर के तौर पर सहवाग के साथी के तौर पर चार दावेदार खड़े नजर आते हैं। गौतम गंभीर, वसीम जाफर और आकाश चोपड़ा के साथ ही पार्थिव पटेल भी अपनी दावेदारी पेश करते नजर आ रहे हैं। वहीं नम्‍बर 6 के‍ लिए कैफ का नाम सबसे आगे हैं। इसके आलावा रोहित शर्मा, बदबीनाथ और सुरेश रैना भी इस दौड़ में हैं। लेकिन अगर कहीं ये सितारे अच्‍छा प्रदर्शन नहीं कर पाए तो युवराज सिंह और पूर्व भारतीय कप्‍तान सौरव गांगुली भी इस टीम का हिस्‍सा बन सकते हैं।

चैंपियंस ट्रॉफी न होने की सूरत में भी इस ट्रॉफी पर निगाहें और भी ज्‍यादा गढ़ गई हैं। इससे पहले साल 2003 में मुंबई बनाम शेष भारत मुकाबले में ही इतने सितारे एक साथ नजर आए थे। चेन्‍नई में खेले गए इस मैच में शेष भारत की ओर से वीवीएस लक्ष्‍मण, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ जैसे सितारे थे वहीं सचिन तेंदुलकर मुंबई की ओर से खेलते नजर आए थे। इस मुकाबले के जरिए टीम को श्रीलंका की हार से तो उबरना ही है साथ ही खुद को पोंटिंग की सेना के लिए पूरी मजबूती से तैयार भी करना है।ईरानी ट्रॉफी में पहले भी भारतीय क्रिकेट टीम को सितारे देती चली आई है। 1976 में दिलीप वेंगसरकर ने मुंबई की ओर से खेलते हुए ईरानी ट्रॉफी में 90 रनों की पारी खेली थी जिसकी बदौलत वे भारतीय टेस्‍ट टीम में जगह बना पाए थे। मौजूदा भारतीय टेस्‍ट टीम के कप्‍तान अनिल कुंबले भी ईरानी ट्रॉफी के जरिए ही भारतीय टीम में वापसी कर पाए थे। 1992 में दिल्‍ली के खिलाफ खेलते हुए कुंबले ने मैच में कुल 13 विकेट लिए थे और इसके बाद कुंबले टीम का एक अहम हिस्‍सा बन पाए।

Thursday, September 4, 2008

विदेशी कोचों ने निभाई है सकारात्‍मक भूमिका

विदेशी कोच अब एशियाई टीमों का एक अहम हिस्‍सा सा बन गए है। इस समय सभी एशियाई देशों को विदेशी कोच ही कोचिंग दे राहे हैं। उनके आने के सा‍थ विवाद भले ही जुड़े हों, मगर टीमों को उनके आने से फायदा तो हुआ ही है।

साल 2003 का विश्‍व कप। भारतीय टीम 20 साल बाद विश्‍व कप के फाइनल में पहुंची थी। ऐसा नहीं था कि टीम संयोगवश ही फाइनल में पहुंची हो। टीम को इस मौके के लिए तैयार करने की तैयारी काफी समय से चल रही थी। यह वह दौर था जब भारतीय टीम सचिन के साये से निकलकर सही मायनों टीम इंडिया बन रही थी। टीम इ‍ंडिया जिसमें जीत का जज्‍बा था, टीम इंडिया जो मैदान पर अपने आखिरी दम तक लड़ने के लिए तैयार थी। उस समय मैन इन ब्‍लू को बनाने की जिम्‍मेदारी दो इंसानों के हाथ में थी। सौरव गांगुली और टीम इंडिया के पहले विदेशी कोच जॉन राइट। न्‍यूजीलैंड के इस बल्‍लेबाज ने सौरव गांगुली के साथ मिलकर भारतीय टीम मे आखिरी दम तक जीत के लिए जी-जान लगाने का जज्‍बा भरा वो उससे पहले भारतीय टीम में कभी नहीं देखा गया। विश्‍व कप के शुरुआती दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के कारण काफी आलोचनाएं हुई थी। मगर, यह जीत की भूख का ही न‍तीजा था कि टीम ने उसके बाद लगातार जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक सफर तय किया।
उस दौर में भारत में नए खिलाड़ी अपनी जगह बनाने के साथ साथ जिम्‍मेदारी भी समझ रहे थे। इसके लिए कोच की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आखिर खिलाडियों को तराशना और उनमें विश्‍वास भरना कोच के काम का एक अहम हिस्‍सा है। एशियाई महाद्वीप में विदेशी कोचों की बात को थोड़ा और पीछे ले जाया जाए तो साल 1996 में श्रीलंका सभी संभावनाओं को झुठलाते हुए विश्‍व कप चैंपियन बनी थी। टूर्नामेंट से पहले श्रीलंका ने अंचभे करने तो शुरु किया था मगर उसके विश्‍व विजेता बनने पर कोई भी पैसा लगाने को तैयार नहीं था। मगर सनथ जयसूर्या से पारी की शुरूआत कराने का फैसला वनडे की दिशा और दशा बदलने वाला साबित हुआ। जयसूर्या ने शुरूआती 15 ओवर में तेजी से रन बनाने का जो सिलसिला शुरु किया वो आने वाले दिनों में वनडे की पहचान बन गया। इसके बाद साल 2007 में श्रीलंका विश्‍व कप के फाइनल तक पहुंची थी, और इस बार भी टीम की कोचिंग की जिम्‍मेदारी पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉम मूडी के हाथ में थी।

इन दोनो घटनाओं में एक बात समान थी वह थी विदेशी कोच का होना। अर्जुन राणातुंगा ने जब लाहौर के गद्दाफी स्‍टेडियम में विश्‍व कप थामा तो उस समय टीम के कोच के रूप में डेव व्‍हॉटमोर मौजूद थे। व्‍हॉटमोर ने श्रीलंकाई टीम के साथ जो तजुर्बे किए उसने न सिर्फ श्रीलंका को विश्‍व विजेता ही बनाया बल्कि एक बेहतर टीम बनने में भी मदद की।

इस लिहाज से अगर देखा जाए तो भारतीय उपमहाद्वीप की सभी टीमों की कमान अब पिछले काफी समय से विदेशी कोचों के हाथ में है। इन कोचों की मौजूदगी में एशियाई टीमों को काफी फायदा भी हुआ है। भारत की कमान दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी गैरी कर्स्‍टन के हाथ में है तो पाकिस्‍तान के कोच का पद जैफ लॉसन के पास है। श्रीलंका और बांग्‍लादेश की नजर में भी विदेशी कोच ही टीम को बेहतर रूप देने में ज्‍यादा कारगर स‍ाबित हो सकते हैं। अगर व्‍हॉटमोर को देखा जाए तो उन्‍होने न सिर्फ श्रीलंकाई टीम के खेल के स्‍तर को ऊंचा उठाया वहीं उसके बाद बांग्‍लादेश टीम को भी पहले से बेहतर टीम बनाया। आजकल व्‍हॉटमोर भारत में रहकर एनसीए के साथ काम कर रहे हैं और उन्‍हीं की श‍ार्गिदगी में जूनियर टीम इंडिया विश्‍व कप विजेता बनकर आई।

ग्रेग चैपल का भारतीय टीम के साथ गुजारा वक्‍त भले ही काफी विवादों के बीच घिरा रहा हो, मगर टीम इंडिया को कई नए सितारे दिए। जिस टीम ने टी-20 विश्‍व कप जीता उसमें ज्‍यादातर खिलाड़ी ग्रेग चैपल के समय में ही भारतीय टीम के साथ जुड़े। चैपल ने आते ही भविष्‍य की टीम बनाने पर नजर रखी और नए चेहरों को टीम में मौका देना शुरू किया। सुरेश रैना उनमें से एक नाम है जो चैपल के वक्‍त में टीम इंडिया का हिस्‍सा बने। दरअसल, चैपल शुरू से नए खिल‍ाडियों और नए‍ सितारों को टीम में मौका देने के पक्षधर रहे। उन्‍हीं के कोच रहते भारत ने रनो का पीछा करते हुए लगातार 17 वनडे जीतने का रिकॉर्ड बनाया। ग्रेग चैपल भारतीय टीम के साथ भले ही न हों मगर भारत के साथ अभी भी जुड़े हुए हैं। चैपल फिलहाल राजस्‍थान क्रिकेट एसोसिएशन के साथ जुड़े हुए हैं।

पहला आईपीएल टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के खिलाडियों को ढूढने का जिम्‍मा भी चैपल ने ही तो संभाला था। वैसे, आईपीएल की भी अगर बात की जाए तो वहां भाग ले रही सभी टीमों में विदेशी खिलाड़ी या तो कोच के तौर पर काम कर रहे थे या‍ फिर वे बतौर सलाहकार टीमों के साथ जुडें थे। फिर चाहे वो ऊपरी दो पायदानों पर रही राजस्‍थान रॉयल्‍स और चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स रही हो या फिर सबसे नीचे रही बंगलौर रॉयल चैंलेजर्स और डेक्‍कन चार्जर्स। हर जगह विदेशी कोचों ही नजर आए। यह बात साफ करती है कि क्रिकेट के इस नए प्रारूप जिसकी शुरुआत भारत में भारतीयों द्वारा की गई में भी विदेशी कोचों का ही बोलबाला रहा है।

यह विदेशी कोच खेल में बेहतर प्रोफेशनल रवैये के साथ आते हैं जहां खिलाड़ी के नाम की बजाए उनके प्रदर्शन को ज्‍यादा तरजीह दी जाती है। यहां नाम से ज्‍यादा काम की कीमत समझी जाती है। वे नई सोच के साथ आते हैं और उस सोच को पूरा करने के लिए उनके पास पूरी रणनीति भी होती है। ज्‍यादातर मामलों में टीम को उससे फायदा ही हुआ है।